हरियाणा के 12 जिलों में तेज गरज के साथ बारिशः सिरसा में ओले गिरे, पानीपत में अंधेरा छाया; 25 जनवरी तक बारिश का अलर्ट
हरियाणा के 12 जिलों में बारिश हो रही है। दिल्ली-चंडीगढ़ बेल्ट के पानीपत, सोनीपत यमुनानगर सहित हिसार, गुरुग्राम, भिवानी, फतेहाबाद, झज्जर, रेवाड़ी, फतेहाबाद, सिरसा और महेंद्रगढ़ में सुबह से ही बूंदाबांदी देखने को मिली। पानीपत में सुबह 8 बजे तक अंधेरा छाया रहा, वहीं सिरसा में देर रात ओले भी गिरे। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 7 जिलों कैथल, करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। इसके साथ ही प्रदेश में 60 किलोमीटर / घंटे की दर से ठंडी हवाएं चल रही है। इसके अलावा बाकी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अन्य जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 25 जनवरी तक बारिश के आसार बने रहेंगे। हालांकि, बादलों की आवाजाही से रात के तापमान में 2-4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिससे रात की ठिठुरन कम होगी, लेकिन दिन के तापमान में गिरावट की स्थिति बनी रहेगी। हरियाणा के जिलों में गुरुवार रात से ही बारिश शुरू हो गई थी। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सिरसा की तरफ से दाखिल हुआ। इसके कारण रात से ही सिरसा व आसपास क्षेत्र में तेज हवाएं चलीं। राजस्थान से सटे सिरसा के इलाकों में ओलावृष्टि देखने को मिली है। वहीं अल सुबह हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई।